हरियाणा बोर्ड परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों के लिए तैयार परीक्षा कक्षहरियाणा बोर्ड परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों के लिए तैयार परीक्षा कक्ष

चंडीगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की फरवरी/मार्च 2027 में होने वाली सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं के लिए नया परीक्षा केंद्र बनवाने के इच्छुक स्कूलों के पास आवेदन का मौका है। राजकीय, अनुदान प्राप्त और अराजकीय स्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालय अपने भवन में नया परीक्षा केंद्र स्थापित करवाने के लिए 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि इच्छुक विद्यालय बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध परीक्षा केंद्र स्थापना फार्म डाउनलोड कर उसे पूरी तरह भरें। आवेदन के साथ संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी की सिफारिश लगाकर फार्म को निर्धारित तारीख तक बोर्ड कार्यालय में दस्ती या पंजीकृत डाक से भेजना होगा।

आवेदन के साथ देनी होगी भवन की पूरी जानकारी

परीक्षा केंद्र के लिए आवेदन करने वाले स्कूल को भवन की योजना भी देनी होगी। इसमें परीक्षा केंद्र के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाले हिस्से को लाल पेंसिल से चिन्हित करना होगा। हॉल और कमरों के आपस में जुड़े होने या अलग होने की जानकारी के साथ प्रत्येक कमरे और हॉल का माप भी दर्शाना होगा।

विद्यालय भवन मुख्य सड़क के पास होना जरूरी है। इसके अलावा परीक्षा केंद्र में 16 CCTV कैमरों की व्यवस्था होनी चाहिए। इनमें 13 कैमरे कमरों में, एक कंट्रोल रूम/केंद्र अधीक्षक के कमरे में और दो कैमरे विद्यालय परिसर को कवर करने के लिए होने चाहिए।

हरियाणा में 10वीं-12वीं ओपन परीक्षा के लिए आवेदन शुरू, जानें कितनी लगेगी फीस और जरूरी डॉक्यूमेंट्स

कितने परीक्षार्थी होने जरूरी?

बोर्ड के अनुसार नए परीक्षा केंद्र के लिए परीक्षार्थियों की न्यूनतम संख्या भी निर्धारित की गई है।

  • सेकेंडरी परीक्षा: कम से कम 200 परीक्षार्थी
  • सीनियर सेकेंडरी परीक्षा: कम से कम 150 परीक्षार्थी
  • परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों के लिए डेस्क की व्यवस्था अनिवार्य होगी।

नया परीक्षा केंद्र बनवाने की फीस

विद्यालय को आवेदन के साथ परीक्षा केंद्र स्थापना और निरीक्षण शुल्क भी जमा करना होगा। परीक्षा केंद्र स्थापना शुल्क 12,000 रुपये और निरीक्षण शुल्क 3,000 रुपये निर्धारित किया गया है। यानी दोनों शुल्क मिलाकर 15,000 रुपये जमा करने होंगे।

बोर्ड ने नए परीक्षा केंद्र से संबंधित नियम, शर्तें और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाए हैं। स्कूलों को आवेदन करने से पहले सभी शर्तों की जांच करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन भेजने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *