सिरसा। आगामी फसली सीजन से पहले सिरसा अनाज मंडी में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठी है। आढ़ती एसोसिएशन ने बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता आशुतोष पंचाल को ज्ञापन सौंपकर मंडी में नीचे लटक रही बिजली की तारों को ऊंचा करवाने और ट्रांसफार्मरों की जांच व मरम्मत करवाने की मांग की।
एसोसिएशन के प्रधान प्रेम बजाज ने बताया कि फसल सीजन के दौरान मंडी में ऊंचे ट्रैक्टर-ट्रालियों और अन्य लोडिंग वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में कई स्थानों पर नीचे लटक रही बिजली की तारें दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।
उन्होंने कहा कि फसलों से भरे ऊंचे वाहन यदि इन तारों के संपर्क में आते हैं तो करंट फैलने या आग लगने का खतरा पैदा हो सकता है। इससे मंडी में आने वाले किसानों, व्यापारियों और अन्य लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
ग्वार फसल पर चारकोल रोट का बढ़ा खतरा, खेड़ी में शिविर लगा किसानों को पहचान व बचाव की दी जानकारी
फसल सीजन से पहले तारें ऊंची करवाने की मांग
आढ़ती एसोसिएशन ने बिजली निगम से मांग की कि मंडी में झूल रही सभी बिजली तारों का निरीक्षण करवाकर उन्हें निर्धारित ऊंचाई पर किया जाए। इससे फसल से भरे वाहनों की आवाजाही के दौरान दुर्घटना का खतरा कम किया जा सकेगा।
ट्रांसफार्मरों की भी जांच की मांग
एसोसिएशन ने मंडी में लगे ट्रांसफार्मरों की भी जांच करवाने और जहां जरूरत हो वहां मरम्मत व रखरखाव का काम पूरा करने की मांग की। आढ़तियों का कहना है कि फसली सीजन के दौरान मंडी में बिजली की मांग बढ़ जाती है, इसलिए पहले से व्यवस्था दुरुस्त होने पर बिजली आपूर्ति में परेशानी से बचा जा सकेगा।
ज्ञापन पर अधीक्षण अभियंता आशुतोष पंचाल ने समस्याओं का जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एसोसिएशन महासचिव राजेंद्र नढा, कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल, पवन कम्बोज सहित अन्य आढ़ती मौजूद रहे।

