सीएचसी भट्टू कलां में मेडिकल ऑफिसर के पद पर हुआ चयन
चोपटा । हरियाणा के सिरसा जिले गांव कागदाना के होनहार युवक राजेश सोढ़ी ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। डॉ राजेश सोढ़ी का मेडिकल ऑफिसर के पद पर चयन हुआ है। उन्हें सीएचसी भट्टू कलां में मेडिकल ऑफिसर के रूप में नियुक्ति मिली है। राजेश सोढ़ी ने मेडिकल शिक्षा पूरी करने के बाद मेडिकल ऑफिसर पद के लिए चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया और सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ कागदाना गांव में भी खुशी का माहौल है।

मां कमला सोढ़ी के संघर्ष को मिली सफलता
राजेश सोढ़ी की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि उनकी मां श्रीमती कमला सोढ़ी ने बेटे की परवरिश और शिक्षा के लिए काफी संघर्ष किया। मां ने हर परिस्थिति में बेटे का हौसला बढ़ाया और उसे अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राजेश ने भी अपनी मां के संघर्ष को अपनी ताकत बनाया और पढ़ाई में लगातार मेहनत करते हुए डॉक्टर बनने का सपना पूरा किया। अब मेडिकल ऑफिसर के पद पर चयन होने के बाद उन्होंने अपनी मां के संघर्ष को एक बड़ी उपलब्धि में बदल दिया है।

गांव के युवाओं के लिए बने प्रेरणा
राजेश सोढ़ी की इस उपलब्धि पर परिवारजनों और ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि राजेश की सफलता गांव के दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित किया है कि मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

