भिवानी, 30 अक्टूबर 2026। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू कर दी है। फरवरी-मार्च 2027 में होने वाली इन परीक्षाओं के लिए रेगुलर छात्रों के फॉर्म उनके स्कूलों के माध्यम से भरे जाएंगे। बिना लेट फीस आवेदन करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर 2026 है, जबकि 8 दिसंबर 2026 तक लेट फीस के साथ आवेदन का मौका मिलेगा।
बोर्ड की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक स्कूल प्रमुख bseh.org.in पर लॉगिन करके छात्रों का रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। आवेदन में UDISE Code अनिवार्य है, जबकि APAAR ID वैकल्पिक रखी गई है ।
लेट फीस की चरणबद्ध तारीखें
अगर स्कूल 26 नवंबर तक फॉर्म नहीं भर पाते, तो उन्हें अतिरिक्त शुल्क देना होगा। 27 से 30 नवंबर तक 100 रुपये, 1 से 4 दिसंबर तक 300 रुपये और 5 से 8 दिसंबर तक 1,000 रुपये लेट फीस देनी होगी । 8 दिसंबर के बाद किसी भी स्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे ।
फीस का पूरा ब्योरा
10वीं के रेगुलर छात्रों को परीक्षा शुल्क 1,150 रुपये और माइग्रेशन शुल्क 100 रुपये मिलाकर कुल 1,250 रुपये देने होंगे। 12वीं के छात्रों के लिए यह राशि 1,200 रुपये परीक्षा शुल्क और 100 रुपये माइग्रेशन शुल्क सहित 1,300 रुपये है। प्रत्येक प्रायोगिक विषय के लिए 100 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। 12वीं में अतिरिक्त विषय की परीक्षा देने पर 200 रुपये अलग से जमा कराने होंगे ।
फोटो और सिग्नेचर में गलती पड़ेगी महंगी
बोर्ड ने साफ किया है कि आवेदन में दी गई जानकारी स्कूल रिकॉर्ड के अनुसार सही होनी चाहिए। फोटो और सिग्नेचर सही हों, क्योंकि परीक्षा शुरू होने के बाद इनमें सुधार नहीं होगा। आवेदन में किसी भी तरह की गलती के लिए संबंधित स्कूल प्रमुख जिम्मेदार होंगे । तकनीकी समस्या होने पर बोर्ड की हेल्पलाइन 01664-254300 पर संपर्क किया जा सकता है।
