मानसून सक्रिय हो रहा है, इससे जगह जगह बरसात हो रही है। मानसून सक्रिय होने से वीरवार को कई प्रदेशों में अच्छी बरसात हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज शुक्रवार 11 जुलाई, 2025 को भी कई प्रदेशों में अच्छी बरसात होने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे झारखंड के ऊपर बना हुआ है, जिससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
मानसून ट्रफ का समुद्र तल पर बना दबाव अब सूरतगढ़, हिसार, हिंडन, लखनऊ, प्रयागराज, डाल्टनगंज, निम्न दबाव के केंद्र, दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक जा रहा है।एक चक्रवाती परिसंचरण हरियाणा के ऊपर बना हुआ है।
एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर अरब सागर से लेकर गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड पर बने निम्न दबाव क्षेत्र से संबंधित चक्रवाती परिसंचरण तक फैली हुई है, जो दक्षिण गुजरात, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण मध्य प्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजरती है। यह समुद्र तल से 4.5 से 7.6 किमी ऊंचाई तक फैली हुई है। एक और चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर स्थित है।
मौसम की संभावित गतिविधि
स्काईमैट एप के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बरसात संभव है।
पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, कोंकण व गोवा, तटीय कर्नाटक और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की से मध्यम बरसात हो सकती है।
राजस्थान, गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की बरसार्त की संभावना है। मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अगले 24 घंटों के बाद बारिश की तीव्रता में बढ़ोतरी हो सकती है।
देश भर में हुई मौसमी हलचल
आपको बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
झारखंड, दक्षिण छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बरसात हुई।
केरल, तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण व गोवा, पूर्वी विदर्भ, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तीव्र वर्षा देखने को मिली। तटीय ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, उत्तर तमिलनाडु, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और गुजरात में हल्की बरसात हुई।
