विद्यार्थियों को दी यातायात नियमों की अहम जानकारी, पालना का दिलाया संकल्प
सिरसा। जिला यातायात पुलिस प्रभारी शमशेर सिंह ने कहा कि भारतवर्ष में प्रतिवर्ष सडक़ हादसों में करीब पांच लाख मौतें होती हैं जो चिंताजनक है। यातायात पुलिस द्वारा जारी यातायात संबंधी नियमों की यदि कड़ाई से पालना की जाए तो इन मौतों से आमजन को बचाया जा सकता है। वे गुरुवार को महाराजा अग्रसेन स्कूल में यातायात नियमों पर आधारित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन अवश्य करना चाहिए। इन नियमों में लालबत्ती होने पर उसे कतई क्रॉस न करने, कार आदि में सीट बेल्ट लगाने, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना व ट्रिपल राइडिंग न करना आवश्यक है। इतना ही नहीं मद्यपान करके वाहन नहीं चलाना चाहिए और राष्ट्रीय राजमार्गों पर चलते समय अपनी ही लेन में चलना, निर्धारित गति से ही वाहन चलाना चाहिए ताकि आमजन का जीवन सुरक्षित रह सके।
उन्होंने इस दौरान महाराजा अग्रसेन स्कूल, गुरुनानक पब्लिक स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कीर्तिनगर व राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल के सभी उपस्थित विद्यार्थियों को यातायात नियमों की पालना करने का संकल्प भी दिलवाया। इस मौके पर जिला यातायात थाना के उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, हैड कांस्टेबल रमेश, हैड कांस्टेबल धर्मेंद्र, एसपीओ जगमीत सिंह, मंदीप सिंह भंगु व सौरभ आदि मौजूद थे।
