mahendra india news, new delhi
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव में शादी समारोह के अंदर दूल्हा व बारतियों से मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट भी उस समय की गई, जब दूल्हा घुड़चढ़ी की रस्म निभाई जा रही थी। जानकारी के अनुसार 2 दिन पहले सगाई में डांस को लेकर हुई कहासुनी की रंजिश में दुल्हन के मौसेरे भाई ने घुड़चढ़ी के समय दूल्हे और बरातियों के साथ मारपीट की। इसके बाद घायल दूल्हे को महेंद्रगढ़ के सामान्य अस्पताल ले जाना पड़ा।
इसके बाद तो मारपीट से आहत दूल्हे ने दुल्हन के गांव जाने से इन्कार किया तो दुल्हन अस्पताल पहुंच गई। देर रात गांव के मौजिज लोगों की मौजूदगी में अस्पताल में ही शादी की रस्में पूरी हुईं।
बताया जा रहा है कि महेंद्रगढ़ जिले के ताजपुर गांव में 2 दिन पहले सगाई समारोह था। इसमें दुल्हन का मौसेरा भाई आया हुआ था। बताते हैं कि डीजे पर डांस को लेकर यहां उसकी दूल्हे पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई। उस समय तो उसने कुछ नहीं कहा। इधर, रविवार की रात्रि गोहाना थाना क्षेत्र के खंदराई गांव में बरात पहुंची थी। शाम को नाश्ते के बाद दूल्हे और ने जैसे ही घुड़चढ़ी शुरू की अचानक मारपीट शुरू हो गई।
इस घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बरात शुरू ही हुई थी कि अचानक करीब 20 से 25 युवक वहां आ धमके और दूल्हे व बरातियों की पिटाई शुरू कर दी। इससे दहशत फैल गई और बराती जान बचाकर भागने लगे। इस मारपीट के दौरान दूल्हा बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे एंबुलेंस से सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
बुजुर्गों ने कराई सुलह
शादी समारोह में मारपीट के कारण से शादी खतरे में पड़ गई। अस्पताल पहुंचे दूल्हे ने शादी इन्कार कर दिया।इसके बाद गांव के मौजिज बुजुर्ग आगे आए और समझदारी दिखाते हुए दोनों पक्षों में सुलह करवाने की कवायद शुरू की। आखिरकार दूल्हे के परिवार वाले शादी के लिए राजी हो गए लेकिन दुल्हन के दरवाजे जाने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद तो देर रात दोनों पक्षों में दुल्हन के घर के बजाय अस्पताल में ही शादी की रस्में संपन्न कराने पर सहमति बनी। इसके बाद दुल्हन को अस्पताल ले परिजन गये। दूल्हा-दुल्हन ने अस्पताल परिसर में ही एक-दूसरे को वरमाला डाली। दुल्हन की विदाई भी अस्पताल से की गई। क्षेत्र में यह शादी का चर्चा का विषय बनी हुई है।
