मौसम में मानसून सक्रिय के कारण जगह जगह बरसात हो रही है। मौसम आज मंगलवार यानि 8 जुलाई 2025 को भी खराब रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज मंगलवार निम्न दबाव का क्षेत्र गंगीय पश्चिम बंगाल पर बना हुआ है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मानसून ट्रफ समुद्र तल पर बठिंडा, मेरठ, बदायूं, लखनऊ, वाराणसी, हजारीबाग, निम्न दबाव के केंद्र से होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैला है। एक अन्य ट्रफ अब दक्षिण राजस्थान से लेकर इस निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण तक फैला है, जो मध्य प्रदेश के मध्य भागों, उत्तर छत्तीसगढ़ और दक्षिण झारखंड से होकर 3.1 किमी से 7.6 किमी ऊँचाई तक सक्रिय है।
एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर हरियाणा और उससे सटे हिमाचल प्रदेश पर भी स्थित है। एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण नगालैंड और उससे सटे म्यांमार पर सक्रिय है। एक ऑफशोर ट्रफ दक्षिण गुजरात से दक्षिण कर्नाटक तट तक फैला हुआ है।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना के कुछ हिस्से, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मध्यम से भारी बरसात के आसार हैं। कोकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बरसात के साथ कुछ स्थानों पर भारी बौछारें संभव हैं।
पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह तथा लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की बरसात की संभावना है।
