हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 1984 के सिख विरोधी दंगों में मारे गए लोगों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा का सिरसा भाजपा ने स्वागत किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कहा कि यह निर्णय उन परिवारों के लिए सम्मान और सहारा है, जिन्होंने निर्दोष होकर भी उन दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में अपने प्रियजनों को खो दिया।
उन्होंने कहा कि यह कदम दर्शाता है कि भाजपा सरकार केवल विकास ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और मानवीय मूल्यों के लिए भी समर्पित है।
उन्होंने कहा कि सिख समुदाय ने देश की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए सदैव अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। 1984 के दंगे भारतीय इतिहास का अत्यंत दुखद अध्याय हैं, जिनमें अनेक निर्दोष सिख भाई-बहनों ने अपनी जान गंवाई।
ऐसे में नायब सिंह सैनी की यह घोषणा न केवल पीडि़त परिवारों के लिए सहारा बनेगी, बल्कि यह संदेश भी देगी कि भाजपा सरकार हर वर्ग के साथ न्याय करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला है।
भाजपा सरकार का यह कदम दर्शाता है कि हम केवल विकास ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के सम्मान और न्याय के लिए भी प्रतिबद्ध हैं। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने सिरसा जिला भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमें विश्वास है कि भाजपा सरकार इसी प्रकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
