जिला फतेहाबाद में डीएवी कलस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता में आयोजित पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल सिरसा के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते विभिन्न आयु वर्गों में पदक जीतकर अपने संस्थान को गौरवान्वित किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विजेता बने ये विद्यार्थी अब डीएवी की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी बनेंगे।
पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल सिरसा के विजेता खिलाडिय़ों के बुधवार को सिरसा स्थित विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र सिंह दहिया ने अपने पूरे स्टाफ के साथ उनका अभिनंदन करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। प्राचार्य नरेंद्र सिंह दहिया ने बताया कि उनके स्कूल के खिलाड़ी प्रत्यूष, समरवीर और रचिता ने अंडर-14 में, गुरप्रीत, मयंक शर्मा ने अंडर-17 में बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक और वूशो में अनिरेक ने अंडर-17 में स्वर्ण पदक तथा खो-खो अंडर-14 में विद्यालय की लडक़ों की टीम ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए।
इस दौरान प्राचार्य दहिया ने कहा कि इस उपलब्धि के लिए जहां खिलाडिय़ों का परिश्रम सराहनीय रहा वहीं उन्हें प्रशिक्षित करने वाले प्रशिक्षक सतपाल सिंह का योगदान भी अविस्मरणीय है। उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही पदक विजेता खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया जाएगा। प्रधानाचार्य ने कहा कि खेल हमारे जीवन में बहुत महत्त्व रखते हैं। ये हमारे स्वास्थ्य, मनोविज्ञान विकास और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। खेलों से हमारे मानसिक तनाव में भी कमी आती है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापकगण व अभिभावक भी मौजूद थे।
