मानसून सक्रिय होने से जगह जगह बरसात हो रही है। रविवार के दिन कई प्रदेशों में अच्छी बरसात हुई। मौसम में आज सोमवार यानि 14 जुलाई 2025 को भी कई प्रदेशों में बरसात होगी। देश में उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पूर्व से लेकर पश्चिम तक बारिश की रफ्तार बढ़ गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश में बारिश का खासा प्रभाव देखा जा रहा है। उधर जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मूसलाधार बरसात होगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 14 जुलाई से 15 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 14 जुलाई -17 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। 14 जुलाई -19 जुलाई के दौरान उत्तराखंड में; 16 जुलाई को पंजाब में; 14 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में; 17 व 18 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में; 15-18 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में बरसात की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यूपी में कल यानी 14 जुलाई को 15 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को इस दौरान सावधान रहने के लिए कहा गया है। जिन जिलों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है, इन जिलों में सहारनपुर, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, खेरी, शाहजहांपुर, बस्ती, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, अंबेदकरनगर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मऊ शामिल है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले 72 घंटों में बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 16 जुलाई से मानसून ट्रफ लाइन बिहार की ओर बढ़ेगी। ट्रफ लाइन के एक्टिव होते ही अच्छी बारिश जोर पकड़ लेगी। अभी ट्रफ लाइन उत्तर दिशा में स्थित होने के कारण राज्य में बारिश सीमित हो गई है।
