NDPS के 6 मामलों में वांछित मुख्य सरगना को CIA सिरसा ने दबोचा, 22 क्विंटल डोडा पोस्त बरामदगी से जुड़ा मामला
सिरसा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अपने सख्त अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए बहुचर्चित अंतरराज्यीय तस्करी रैकेट के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 20 अप्रैल 2024 को डिंग थाना क्षेत्र में 22 क्विंटल 45 किलो डोडा पोस्त की बरामदगी के मामले में की है। इस केस में पहले ही तीन आरोपी—विकास कुमार (ट्रक चालक), सतबीर सिंह और जगदीप सिंह—को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी रामचन्द्र उर्फ रामु बावरी पुत्र श्योनारायण, निवासी हरिपुरा, थाना संगरिया (राजस्थान) फरार चल रहा था।
CIA स्टाफ सिरसा प्रभारी उप निरीक्षक प्रेम कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने योजनाबद्ध ढंग से कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को डिंग थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 108/24, NDPS एक्ट की धारा 15C/25/29 के तहत नामजद किया गया था।
अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी रामु बावरी के खिलाफ NDPS के 6 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें 4 वाणिज्यिक मात्रा के हैं—जिनमें भटिंडा में 10 किलो अफीम, डबवाली में 5 क्विंटल चुरा पोस्त, और संगरिया में 64 किलो चुरा पोस्त के मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डबवाली में दो मध्यम मात्रा के केस भी दर्ज हैं। पुलिस रिमांड के दौरान नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान व सप्लाई चैन का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।
