Mahendra india news, new delhi
सिरसा। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर जबरदस्ती व्यापार समझौते थोपने के खिलाफ व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उदासीनता के चलते मुक्त व्यापार समझौते व सम्पूर्ण आर्थिक व्यापार समझौते के खिलाफ देश व्यापी जिला स्तरीय प्रदर्शन बुधवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष ट्रंप व मोदी के पुतले दहन करके किया गया। डा. सुखदेव सिंह जम्मू ने बताया कि सीईटीए, एफटीए, एनपीएफएएम व लैंड पुलिंग नीति लागू करके भारत सरकार देश के किसानों की जमीन व पूरे मण्डी सिस्टम तथा खेती व डेयरी उत्पाद को कॉरपोरेट के हवाले करना चाहती है।
संयुक्त किसान मोर्चा इन सारी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्षरत है। पिछले ऐतिहासिक तीन काले कृषि कानूनों के आंदोलन स्थगन के समय केंद्र सरकार के एसकेएम के साथ लिखित समझौते के मुताबिक सभी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य, कर्ज मुक्ति, बिजली बिल रद्द करने जैसे सभी वायदों से मुकर जाने के खिलाफ धरना प्रदर्शन पिछले कई सालों से देता आ रहा है, आज उन मुद्दों को भी दोबारा याद कराया गया।
सिरसा संयुक्त किसान मोर्चा के सभी घटक संगठन अखिल भारतीय किसान सभा, हरियाणा किसान मंच, राष्ट्रीय किसान मंच, बीकेयू एकता उग्राहां, बीकेयू टिकैत के किसान साथियों ने धरना प्रदर्शन में भाग लिया। सभा समाप्ति पर मोदी व ट्रंप के पुतले दहन करके जमकर नारेबाजी की गई। सभा को हरजिंदर सिंह नानूआना, रघुबीर सिंह नकोड़ा, प्रितपाल सिद्धू, बाबा गुरदीप सिंह, स्वर्ण सिंह विर्क, राजेन्द्र रूपावास, लक्खा सिंह अलीकां, बलराज बणी, हरजिंदर भंगू, दिलीप सिंह रायपुर, राजकुमार शेखुपुरिया, सुंदरपाल हैबुआना, भरत सिंह झाझड़ा, दीवान सहारण, बलजीत सिंह, जगदीश चाडीवाल व तिलक राज एडवोकेट इत्यादि ने संबोधित किया।
