सिरसा स्कूल कैडर लैक्चरर एसोसिएशन हरियाणा (सलाह) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गुरदीप सैनी, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानियां के प्राचार्य शमशेर शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शेरपुरा के प्राचार्य राजकुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मौजूखेड़ा के प्राचार्य सौजन्य विमलेश के साथ जिले के सभी स्कूल प्रिंसीपल ने हिसार में हुए प्रिंसिपल हत्याकांड की घोर निंदा की है।
गुरदीप सैनी ने कहा कि स्कूल के प्रिंसिपल ने बच्चों को केवल बाल कटवाने के लिए कहा था, जिससे रोष में आकर बच्चों ने प्रिंसिपल की चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी। ऐसे विद्यार्थियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। सैनी ने कहा कि इस प्रकार की घटना को अंजाम वही दे सकते है, जो संस्कारहीन है।
वर्तमान में हमारा प्रदेश नशे की चपेट में है। इसी नशे की वजह से हमारा युवा भटक रहा है और संस्कारहीन हो रहा है, जिससे इस प्रकार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। जिला सिरसा में नशे की ओवरडोज की वजह से युवाओं की मौत का सिलसिला जारी है। सरकार को इस पर अंकुश लगाना चाहिए। साथ ही सैनी ने कहा कि कई गायक कलाकार भी इस प्रकार के भडक़ाऊ गाने बनाते हंै, जिससे युवा अपराध की ओर अग्रसर हो रहे हंै। सरकार को चाहिए कि इस तरह के गानों पर बैन लगाना चाहिए, ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।
