Haryana Sarkar: हरियाणा के मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई जिलों को सम्मानित किया है। प्रदेश में लिंगानुपात में सुधार हेतु जिलों को राज्य स्तरीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया।जिसमें करनाल और यमुनानगर जिले को संयुक्त रूप से पहला पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने करनाल के उपायुक्त उत्तम सिंह और यमुनानगर के उपायुक्त श्री पार्थ गुप्ता को 2.50-2.50 लाख रुपये की राशि देकर सम्मानित किया। जिला महेंद्रगढ़ को द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर उपायुक्त डाॅ विवेक भारती को 3 लाख रुपये और जिला भिवानी को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर उपायुक्त महावीर कौशिक को 2 लाख रुपये पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों की पोषण स्थिति में अधिकतम सुधार लाने के लिए तीन सर्वश्रेष्ठ जिलों को पोषण पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने उपायुक्त यमुनानगर को प्रथम, उपायुक्त कुरुक्षेत्र को द्वितीय तथा उपायुक्त भिवानी को तृतीय स्थान प्राप्त करने के लिए क्रमश 2 लाख रुपये, एक लाख रुपये तथा 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने जिला करनाल की श्रीमती शांता रंगा को 5 लाख रुपये की राशि का श्रीमती सुषमा स्वराज पुरस्कार, जिला हिसार की कुमारी बाला वर्मा और जिला जींद की रेखा रानी धीमान को 1.50-1.50 लाख रुपये की राशि के इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक योजनाएं और कार्यक्रम चलाए गए – श्रुति चौधरी
इस अवसर पर संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में महिला सशक्तीकरण की दिशा में अनेक योजनाएं और कार्यक्रम चलाए गए है, जिसका सीधा लाभ हमारी माताओं और बहनों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दिन रात प्रदेश के विकास के लिए नोन स्टाॅप गति से कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की पावन धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश पूरे विश्व को दिया।
