सिरसा। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में मंगलवार को संस्कृत सप्ताह के तहत आयोजित किए गए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन हो गया। स्कूल प्राचार्य नरेंद्र सिंह दहिया की अध्यक्षता में सप्ताहभर चले विविध सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दर्शाई। मंगलवार को कार्यक्रम के अंतिम दिन छठी कक्षा की जिक्षा एवं आराध्या ने मोबाइल पर सरस संस्कृत संवाद प्रस्तुत कर सभी को आनंदित कर किया। मंच संचालन नवमी कक्षा की रितिका ने बखूबी किया।
कक्षा सप्तमी के ध्रुव ने विभिन्न वस्तुओं के नाम संस्कृत में बताकर भाषा ज्ञान की जानकारी दी। कक्षा दशमी के दीपक ने प्रभावपूर्ण शैली में संस्कृत में समाचार वाचन किया। इसके उपरान्त कक्षा सप्तमी की दिशा, अनुद्धया, पल्लवी, रूपिंद्र एवं आयुषी ने ‘रम्या रम्या संस्कृत भाषा’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थितजनों को रोमांचित कर दिया। स्कूल के संस्कृत अध्यापक बलजिंद्र कुमार ने बताया कि संपूर्ण सप्ताह बच्चों ने संस्कृत भाषा में विभिन्न गतिविधियां कर स्कूल में संस्कृतमय वातावरण पैदा किया।
संस्कृत के प्रति विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा को देखकर रोमांचित हुए प्राचार्य नरेंद्र सिंह दहिया ने उनकी भूरि भूरि प्रशंसा करते कहा कि ऐसी प्रस्तुतियां हमारी सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए संपूर्ण विद्यालय परिवार को संस्कृत-सप्ताह की शुभकामनाएं दी।
