हरियाणा सरकार किसानों के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है। इसी कड़ी में किसानों को लेकर सरकार ने एक और बड़ा ऐलान कर दिया है। सीएम सैनी ने रबी फसलों पर प्रति एकड़ औसत उत्पादन की सीमा में बढ़ोत्तरी का ऐतिहासिक फैसला लिया है।
सरकार के इस फैसले से किसानों को प्रति एकड़ ज्यादा पैदावार होने पर सरकारी रेट पर फसल बेचने में को परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।
इन फसलों पर होगा लागू
हरियाणा सरकार का यह फैसला रबी सीजन की 5 फसलों पर लागू होगा। सीएम सैनी ने जौ की फसल उत्पादन सीमा 15 क्विंटल से बढ़ाकर 16 क्विंटल प्रति एकड़ कर दिया है। चना फसल का औसत उत्पादन सीमा 5 क्विंटल से बढ़ाकर 6 क्विंटल प्रति एकड़ कर दिया है।
इसके अलावा सूरजमुखी का उत्पादन सीमा 8 क्विंटल से बढ़ाकर 9 क्विंटल प्रति एकड़ कर दिया है। मूंग की फसल का औसत उत्पादन सीमा बढ़ाते हुए 3 क्विंटल से 4 क्विंटल प्रति एकड़ कर दिया है।
मसूर का औसत उत्पादन जो अभी तक निर्धारित नहीं था, उसको प्रति एकड़ 4 क्विंटल तय किया गया है। हरियाणा सरकार का फैसला रबी विपणन सीजन 2025-26 में प्रभावी रहेगा।
किसानों की थी मांग
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि बजट के लिए हरियाणा के किसानों से सुझाव मांगे गए थे। तब कई किसानों ने सरकार के सामने यह मांग रखी थी, जिसके बाद उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया था कि वह जल्द ही उनकी समस्याओं को दूर करेंगे। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2025- 26 के बजट में किसानों के लिए विशेष पैकेज रखा जाएगा।
