सिरसा जिले के चोपटा क्षेत्र में जंगली जानवर तेंदुए को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है। राजस्थान की सीमा से सटे हरियाणा के गांवों में पिछले कई दिनों से तेंदुए की मौजूदगी की सूचनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
इसी कड़ी में चोपटा क्षेत्र के गांव शाहपुरिया में भी तेंदुआ देखे जाने की सूचना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
शाम के समय ग्रामीणों द्वारा खेतों में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिलने के बाद गांव के मंदिर के लाउडस्पीकर से मुनियादी करवाई गई। ग्रामीणों को सतर्क करते हुए एकत्रित होने और सावधानी बरतने की अपील की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और तेंदुए की तलाश शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार शाहपुरिया से गिगोरानी रोड की ओर खेतों में तेंदुए के पांव के निशान भी देखे गए हैं। गांव निवासी ने बताया कि खेतों में तेंदुए के स्पष्ट निशान नजर आए हैं, जिससे ग्रामीणों में डर और चिंता का माहौल है।
गौरतलब है कि बीते करीब एक महीने से राजस्थान और हरियाणा की सीमा से सटे इलाकों में तेंदुए की गतिविधियों की खबरें मिल रही हैं। सबसे पहले राजस्थान के तारानगर क्षेत्र में तेंदुआ होने की सूचना सामने आई थी।
इसके बाद भादरा तहसील के साहूवाला गांव में भी तेंदुए के पांव के निशान मिले थे। वहीं हरियाणा के कागदाना और नाथूसरी चोपटा क्षेत्र में भी तेंदुए की मौजूदगी की सूचनाएं मिल चुकी हैं।
लगातार मिल रही इन खबरों के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
