पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से मानसून की अच्छी बरसात हो रही है। सावन माह में आज 23 जुलाई को शिव रात्रि के दिन भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे जगह जगह बरसात हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून ट्रफ समुद्र तल पर अब श्रीगंगानगर, हिसार, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, डाल्टनगंज, जमशेदपुर, बांकुरा होते हुए पूर्व की ओर उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक जा रहा है।
चक्रवाती परिसंचरण जो पहले दक्षिण ओडिशा पर था, अब यह तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तट पर है, और समुद्र तल से 5.8 किमी ऊँचाई तक फैला हुआ है।
एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा उत्तर आंतरिक कर्नाटक से लेकर तटीय आंध्र प्रदेश के मध्य भागों तक फैली है, जो लगभग 15ए उत्तरी अक्षांश पर 5.8 किमी ऊंचाई तक है।
एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ पर स्थित है, जो समुद्र तल से 1.5 किमी ऊँचाई तक फैला हुआ है। एक और चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्व झारखंड के ऊपर स्थित है।
एक नया निम्न दबाव क्षेत्र 24 जुलाई के आसपास उत्तर बंगाल की खाड़ी में बनने की संभावना है।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वी राजस्थान, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा का दक्षिणी तट और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा के कुछ हिस्से, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, आंतरिक कर्नाटक, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, पश्चिमी गुजरात, रायलसीमा और तमिलनाडु में हल्की बारिश के आसार हैं।
देश भर में हुई मौसमी हलचल
आपको बता दें कि स्काईमेट एप के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान, मध्यम से भारी बरसात कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक और केरल में हुई।
हल्की से मध्यम बरसात के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और असम में हुई।
हल्की से मध्यम बारिश अंडमान-निकोबार द्वीप, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कुछ हिस्सों और गुजरात क्षेत्र में हुई। हल्की बरसात दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और झारखंड में दर्ज की गई।
