सिरसा। अनाज मंडी में 5 से 11 सितंबर तक दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से आयोजित की जा रही श्रीमद् भागवत कथा को लेकर प्रचार शुरू कर दिया गया है। संस्थान के प्रचारक प्रेम प्रकाशानंद ने बताया कि पूरे सिरसा शहर में घर-घर भागवत कथा का निमंत्रण दिया जाएगा, ताकि प्रत्येक जीवात्मा इस कथा पंडाल में पहुंचकर अपने मानव जीवन लक्ष्य को प्राप्त कर सके।
स्वामी प्रेम प्रकाशानंद ने बताया कि 5 सितंबर से 11 सितंबर तक दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से श्रीमद् भागवत कथा का विशाल आयोजन होने जा रहा है, जो समूह श्रद्धालुओं के लिए एक विलक्षण आध्यात्मिक अवसर होगा। उन्होंने बताया कि कथा के द्वारा भक्तों को धर्म ज्ञान-विज्ञान और आध्यात्मिक चेतना का अनमोल मिलाप होगा। मानव मन में परम ज्योति का दिव्य प्रकटीकरण होगा।
इस विशाल आयोजन की शुरुआत 3 सितंबर को मंगल कलश यात्रा से होगी। यह यात्रा शाम बगीची से आरंभ होकर शहर के मुख्य बाजारों से होती हुई कथा पंडाल अनाज मंडी शेड नंबर एक तक पहुंचेगी। यह यात्रा श्रद्धा समर्पण और आध्यात्मिक उत्साह का प्रतीक होगी। इसके बाद 5 से 11 सितंबर हर शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा।
कथा वाचन करने के लिए विशेष रूप से आशुतोष महाराज की परम शिष्य भागवत भास्कर साध्वी कालिंदी भारती पहुंचेंगी। जो भक्ति ज्ञान और विज्ञान का तालमेल भगवान श्री कृष्ण की दिव्य लीलाओं का व्याख्यान करेंगे। उनकी ओजस्वी वाणी भक्तों के हृदय में आत्मिक चेतना का प्रकाश करेंगी। उन्होंने बताया कि सभी प्रभु भक्तों के लिए कथा के उपरांत लंगर भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी और इस कथा के दौरान विशेष रूप से नाड़ी विशेषज्ञ वैद धर्मपाल भी पहुंच रहे हैं। 8 सितंबर और 9 सितंबर को उनसे मिलने का समय रहेगा सुबह 7 बजे, जो भी वैद्य जी से मिलना चाहता है, वह खाली पेट ही आएं।
