सिरसा। सिरसा में आयोजित सीईटी परीक्षा के दौरान सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के साथ-साथ शहरवासियों ने बाहर से आए परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों को अपनी सेवा भावना से मुरीद बना लिया। जिससे जो बन पड़ा, सेवा भावना से सब किया। इसी कड़ी में सालासर धाम मंदिर कमेटी ने भी परीक्षार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों व ड्यूटीरत कर्मचारियों की सेवा में कोर कसर नहीं छोड़ी।
मंदिर कमेटी की सेवा भावना को देखकर हर किसी के मन से बरबस यही निकल रहा था ‘थैंक्यू बालाजी’। मजे की बात ये रही कि मंदिर कमेटी द्वारा लगाई गई स्टॉल से जलपान करनेके बाद सभी परीक्षार्थी जय बाला जी का नारा लगाकर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों को रवाना हुए। सालासर धाम मंदिर कमेटी सदस्यों ने बताया कि अलसुबह ही पुलिस लाइन में मंदिर कमेटी द्वारा परीक्षार्थियों, उनके साथ आए अभिभावकों व परीक्षा में ड्यूटीरत कर्मचारियों के लिए जलपान व ठंडे जल की सेवा शुरू कर दी थी।
दूसरे दिन भी अलसुबह कमेटी सदस्य फिर से सेवा में जुट गए। परीक्षार्थियों के लिए जलपान के साथ-साथ शीतल जल की व्यवस्था की गई। सालासर धाम मंदिर कमेटी द्वारा की गई सेवा की परीक्षार्थियों व उनके साथ आए अभिभावकों के साथ-साथ ड्यूटीरत कर्मचारियों ने भी जमकर प्रशंसा की। बता दें कि सालासर धाम मंदिर कमेटी द्वारा शहर में समय-समय पर आयोजित होने वाले धार्मिक व सामाजिक सरोकारों के तहत सेवा प्रदान की जाती है। बड़ी बात ये है कि मंदिर कमेटी के सभी सदस्य मिलकर सेवा करते हंै।
