सिरसा। जननायक चौधरी देवीलाल की जयंती के अवसर पर 25 सितंबर को शक्करमंदौरी गांव में उनकी विशाल प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम में युवा जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला भी मौजूद रहेंगे। जेजेपी ने कार्यक्रम को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर पहुंचने का आह्वान किया है।
जेजेपी जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा, जिला कार्यालय सचिव हरिसिंह भारी और ऐलनाबाद हलकाध्यक्ष अनिल कासनियां ने संयुक्त रूप से बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार कार्यकर्ता अपने-अपने गांवों में स्थापित चौधरी देवीलाल की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे शक्करमंदौरी पहुंचेंगे।
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे कार्यकर्ता
पदाधिकारियों ने बताया कि शक्करमंदौरी में चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर कार्यकर्ता और पदाधिकारी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। पार्टी की ओर से प्रदेशभर में देवीलाल जयंती पर स्थापित प्रतिमाओं की साफ-सफाई और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी पहले भी दी गई है।
जेजेपी नेताओं ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

