सिरसा/पनिहारी, 26 सितंबर। महिला एवं बाल विकास विभाग के पनिहारी सर्कल की ओर से आंगन मिलन उत्सव के प्रथम दिवस पर गांव पनिहारी के आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के अभिभावकों को संतुलित आहार, बच्चों की वृद्धि, टीकाकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पौष्टिक थाली का प्रदर्शन कर महिलाओं को संतुलित भोजन के महत्व के बारे में बताया गया। थाली में मोटे अनाज, हरी सब्जियां, दाल, फल और दूध से बने खाद्य पदार्थ शामिल किए गए। महिलाओं को एनीमिया और कुपोषण से बचाव के लिए रोजाना के भोजन में पौष्टिक चीजों को शामिल करने के बारे में जानकारी दी गई।
बच्चों की हाइट और वजन की जांच
आंगनवाड़ी केंद्र में 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों की हाइट और वजन लिया गया। बच्चों की वृद्धि की निगरानी के साथ कमजोर बच्चों की माताओं को पोषण संबंधी परामर्श दिया गया। अभिभावकों को बच्चों के नियमित स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
सिकंदरपुर में 57 मकानों पर चला बुलडोजर, आशियाने टूटते देख रो पड़ीं महिलाएं
आंगनवाड़ी परिसर में लगाई पोषण वाटिका
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी परिसर में पौधारोपण भी किया गया। पोषण वाटिका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगाए गए पौधों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को पौष्टिक आहार के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य स्रोतों के महत्व की जानकारी दी गई।
योजनाओं और टीकाकरण की दी जानकारी
महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, पोषण अभियान और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
लाभार्थियों को समय पर टीकाकरण करवाने तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार रखने के लिए भी जागरूक किया गया। इनमें आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, बैंक पासबुक और एमसीपी कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल रहे।
कार्यक्रम सुपरवाइजर ज्योति के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान आंगनवाड़ी वर्कर सुनीता, परवीन, सुखदेव, कमलेश, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, स्कूल शिक्षक और पनिहारी की सरपंच नीतू मौजूद रहीं। उन्होंने महिलाओं को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं और बच्चों के अभिभावक शामिल हुए।

