नोहर, 30 अक्टूबर 2026। राजस्थान के नोहर में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में गांव बडबिराना के दो युवकों की मौत हो गई। शिवाजी बस स्टैंड के पास बाइक बिजली के पोल से टकरा गई, जिसमें मुकेश और अनुज नाम के दो चचेरे भाइयों की जान चली गई। दोनों युवक नोहर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गांव बडबिराना निवासी मुकेश पुत्र रतिराम डूडी (20) और अनुज पुत्र ओमप्रकाश डूडी (24) बीती रात करीब 12 बजे बाइक पर सवार होकर अपने एक दोस्त को लेने जा रहे थे। इसी दौरान नोहर के शिवाजी बस स्टैंड के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई । टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुवार को हुआ पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। गुरुवार दोपहर राजकीय उप जिला चिकित्सालय, नोहर में दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद गमगीन माहौल में गांव में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया ।
जोधपुर के पाल गांव में सरपंच चुनाव को लेकर झड़प, पत्थरबाजी और वाहनों में तोड़फोड़
पूरे गांव में शोक की लहर
घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों तक पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। बेहतर भविष्य और परिवार के सपनों को साकार करने की उम्मीद में पढ़ाई कर रहे दोनों युवकों की असमय मौत से दो परिवारों के सपने अधूरे रह गए। ग्रामीणों ने दोनों युवकों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
