सिरसा शहर में कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट ने जिला भिवानी में मनीषा युवती की नृशंस हत्या के मामले में बीते मंगलवार देर शाम शहर में कैंडल मार्च निकालकर स्व. मनीषा को न्याय देने की मांग की और भाजपा सरकार की असफलता पर जमकर नारेबाजी की।
इससे पूर्व जिला कांग्रेस भवन में कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट के नेतृत्व में एकत्रित हुई अनेक महिलाओं एवं पुरुषों ने स्व. मनीषा की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने और उसके परिजनों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। हाथों में कैंडल उठाए और स्व. मनीषा के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग करते हुए कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट ने कहा कि प्रदेश में निरंतर छोटी बच्चियों, बुजुर्ग महिलाओं से हो रही दुष्कर्म की घटनाओं ने ये साबित कर दिया है
कि भाजपा सरकार आमजन के साथ-साथ बहन बेटियों की सुरक्षा कर पाने में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में बढ़ते अपराध के चलते प्रदेशवासी खौफ में जीने को विवश हैं और खासकर महिलाओं का अकेले घर से निकलना खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने कहा कि मनीषा की हत्या को जबरन आत्महत्या का प्रयास दिखाया जा रहा है और उनके पिता पर भी नाजायज दबाव बनाकर मामले को रफा दफा करने का प्रयास किया जा रहा है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जब तक मनीषा को इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस सडक़ों पर रहकर उनके परिजनों के साथ खड़ी रहेगी और उन्हें न्याय दिलाकर रहेगी। इस कैंडल मार्च में पुष्पा नारंग, अंगूरी देवी वर्मा, कृष्णा भांभू, डॉ. ज्योतिका मेहता, गायित्री देवी, पूजा रानी, संगीता रानी, शारदा देवी, पिंकी ग्रोवर, सुनीता हुरिया, संदीप नेहरा, कर्ण चावला, अनिल गुप्ता, मोहित शर्मा, विक्की सैनी, संगीत कुमार, जगदीश, साहिल सिंह, कुलदीप सिंह व कुश आदि अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
