चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने वाणिज्य विभाग के प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह को “सेंटर फॉर स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप” का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया है। यह नियुक्ति विश्वविद्यालय में कौशल विकास और उद्यमशीलता के विस्तार की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रो. सुरेंद्र सिंह विश्वविद्यालय में एक वरिष्ठ शिक्षाविद् हैं, जो विगत 27 वर्षों से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे 2006 से चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय से जुड़े हुए हैं और 2020 से प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनके शिक्षण व शोध कार्य का मुख्य क्षेत्र मार्केटिंग मैनेजमेंट, मार्केटिंग रिसर्च और रिसर्च एथिक्स है।
उन्होंने 10 पुस्तकों का लेखन किया है तथा 46 से अधिक शोध पत्र प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित कर चुके हैं। यूजीसी द्वारा वित्तपोषित एक प्रमुख अनुसंधान परियोजना तथा नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित एक क्षमता निर्माण परियोजना में भी वे सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।
प्रो. सिंह विश्वविद्यालय में कई प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं, जिनमें डीन, डायरेक्टर, यूथ वेलफेयर, अध्यक्ष, वाणिज्य विभाग, प्राचार्य, विश्वविद्यालय कॉलेज, डिप्टी कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन, और डायरेक्टर एल्युमनी एसोसिएशन जैसे प्रमुख पद शामिल हैं। वर्तमान में वे यूनिवर्सिटी कोर्ट, शैक्षणिक परिषद तथा एनईपी-2020 के नोडल अधिकारी के रूप में भी कार्यरत हैं। उन्होंने कुलपति का धन्यवाद किया और इस अवसर पर कुलपति कार्यालय में कुलसचिव प्रोफेसर अशोक शर्मा, डीन ऑफ कॉलेजिज प्रोफेसर राम मेहर दीक्षित व संस्कृत विभाग के अध्यक्ष डॉ रविंदर ढिल्लों उपस्थित थे।
