Nejiya Khera Shri Sanwariya GaushalaNejiya Khera Shri Sanwariya Gaushala

नाथूसरी चौपटा। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव नेजिया खेड़ा के ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से महज 142 दिनों में श्री सांवरिया गोशाला तैयार कर दी। सिरसा जिले की यह 149वीं गोशाला है। गोशाला में अब बेसहारा गोवंश को आश्रय मिल सकेगा। शनिवार को गोवंश के प्रवेश के अवसर पर ग्रामीणों की ओर से विधि-विधान से पूजन किया गया। हवन यज्ञ और भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

जिले में अब तक 149 गोशालाएं होने की बात सामने आई है। इनमें 139 गोशालाएं पंजीकृत बताई गई हैं। इन गोशालाओं में करीब 52 हजार गोवंश होने की जानकारी दी गई है।

14 मई को रखा था नींव पत्थर

श्री सांवरिया गौशाला सेवा समिति के प्रधान कृष्ण दून ने बताया कि गांव में गोशाला का नींव पत्थर 14 मई को रखा गया था। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया गया और 142 दिनों में गोशाला में गोवंश का प्रवेश शुरू हो गया।

उन्होंने बताया कि गोशाला में फिलहाल दो हाल, शेड और पानी की व्यवस्था की गई है। निर्माण से जुड़े जो काम अभी बाकी हैं, उन्हें भी जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए ग्रामीणों का लगातार सहयोग मिल रहा है।

पंचायत ने दी 5 एकड़ जमीन

गोशाला निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की ओर से 5 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गोशाला में गोवंश की बेहतर देखभाल के लिए निर्माण और अन्य जरूरी सुविधाओं का काम आगे भी जारी रहेगा।

गोशाला के निर्माण में गांव के लोगों की सामूहिक भागीदारी रही। ग्रामीणों का कहना है कि बेसहारा गोवंश को सुरक्षित स्थान और सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोशाला को तैयार किया गया है।

कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि विक्रम कालेरा, राजेंद्र कडवासरा, सतवीर सिंह, राजबीर सिंह, कृष्ण कुमार न्यौल, राजपाल कालेरा, राममूर्ति सहित गांव के अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *