माधोसिंघाना के 212 आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रममाधोसिंघाना के 212 आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम

सिरसा, 27 सितंबर। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शनिवार को खंड माधोसिंघाना के सभी 212 आंगनवाड़ी केंद्रों में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं को पोषण, सरकारी योजनाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों से मिलने वाली सेवाओं की जानकारी दी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक डॉ. दर्शना सिंह ने बताया कि अभियान में खंड की सभी आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स भाग ले रही हैं। सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों को आमंत्रित कर कार्यक्रमों में शामिल किया जा रहा है।

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं के लिए रचनात्मक गतिविधियां और खेल आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पोषण से जुड़ी जानकारी देने, आंगनवाड़ी की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करने, रेसिपी प्रतियोगिता और स्लोगन प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी करवाई जा रही हैं।

चाहरवाला में आंगन मिलन समारोह। चोपटा प्लस न्यूज़

इसी कड़ी में सुपरवाइजर सुष्मिता के नेतृत्व में गांव चामल और खैरेका के आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें संबंधित गांवों के सरपंच और ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

विभाग की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़ी महिलाओं और बच्चों तक पोषण, स्वास्थ्य तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। साथ ही लाभार्थियों को केंद्रों पर मिलने वाली सेवाओं के प्रति जागरूक करना भी अभियान का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *