सिरसा (Chopta Plus): आगामी गेहूं और सरसों की फसल के खरीद सीजन के मद्देनजर सिरसा की अनाज मंडी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग तेज हो गई है। इसे लेकर मंडी प्रधान प्रेम बजाज के नेतृत्व में एसोसिएशन ने जिला पुलिस अधीक्षक (SP) दीपक सहारण को एक मांग पत्र सौंपा है। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद पुलिस अधीक्षक ने असामाजिक तत्वों और फ्रॉड करने वालों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
करोड़ों के नकद लेनदेन और बाहरी भीड़ का अलर्ट
एसपी को सौंपे गए पत्र में मंडी प्रधान प्रेम बजाज ने स्पष्ट किया कि सिरसा की अनाज मंडी इस क्षेत्र की सबसे बड़ी मंडियों में से एक है। खरीद सीजन के दौरान यहां न केवल हरियाणा से, बल्कि पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में किसान अपनी फसल लेकर पहुंचते हैं। भारी भीड़ और करोड़ों रुपयों के नकद लेनदेन के कारण असामाजिक तत्वों और चोरी जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। एसोसिएशन ने इसी को देखते हुए मंडी परिसर में पुलिस बल और पुलिस राइडर्स की तैनाती अनिवार्य रूप से करने का आग्रह किया है।

हरियाणा के सिरसा में LPG गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत, SDM का नया अलर्ट जारी
SP दीपक सहारण का सख्त एक्शन प्लान
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने आढ़तियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आगामी सीजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद करने का भरोसा दिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि मंडी में कोई भी अनैतिक कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि जिन लोगों ने मंडी में फ्रॉड किया है, उन पर सख्ती से कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में ये आढ़ती रहे मौजूद
पुलिस अधीक्षक द्वारा सौहार्दपूर्ण माहौल में बात सुनने और मांगें पूरी करने के आश्वासन पर मंडी प्रधान प्रेम बजाज ने सभी आढ़तियों की ओर से उनका धन्यवाद किया। इस मौके पर महासचिव राजेंद्र नढा, कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल, धर्मपाल जिंदल, नरेंद्र सिंह धींगड़ा, मनीष कस्वां, सुभाष गोयल, जगदीश मेहता, अंकित, मुनीश कालड़ा, कुलदीप मेहता, शम्मी नारंग, चेतन चाचान, शिवम गोयल और यश समेत अन्य आढ़तीगण मौजूद रहे।
