bhadra । राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में मंदिर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। भादरा तहसील के निनाण गांव स्थित बाबा रामदेव मंदिर से अज्ञात चोर रात के समय चांदी की कीमती मूर्ति चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की।
रात में टूटा मिला मंदिर का ताला
मंदिर के पुजारी सूरताराम ने बताया कि देर रात करीब साढ़े 12 बजे मंदिर का अलार्म बजा। सूचना मिलते ही वे ग्रामीणों के साथ मंदिर पहुंचे, जहां मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो बाबा रामदेव जी की मुख्य प्रतिमा के सामने रखी चांदी की मूर्ति गायब थी।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई। फुटेज में दो अज्ञात युवक मंदिर में घुसकर मूर्ति चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी व फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही भादरा पुलिस उप अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इसके साथ ही एमओबी और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही मूर्ति
ग्रामीणों के अनुसार चोरी हुई चांदी की प्रतिमा की कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी जा रही है। पुजारी की शिकायत पर भिरानी थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
