कागदाना में आयुष स्वास्थ्य एवं योग शिविरकागदाना में आयुष स्वास्थ्य एवं योग शिविर

चोपटा, 28 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर कागदाना में मेगा स्वास्थ्य एवं योग शिविर लगाया गया। शिविर में 287 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरतमंद मरीजों को आयुर्वेदिक दवाइयां निशुल्क दी गईं। ग्रामीणों को आयुर्वेद चिकित्सा, योग और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा और कागदाना सरपंच मांगेराम बेनीवाल की पत्नी प्रोमिला बैनीवाल ने दीप प्रज्वलित कर की। डॉ. आशु शर्मा ने आयुर्वेद की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह केवल बीमारी के इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली पर भी जोर देता है। उन्होंने लोगों से नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

हरियाणा में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अलग-अलग विभागों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच, योग, पौधरोपण और अन्य जनभागीदारी गतिविधियां करवाई जा रही हैं।

बीपी, शुगर और जोड़ों के दर्द के मरीज पहुंचे

शिविर में डॉ. संजू लेघा ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के दौरान बीपी, संधिशूल यानी जोड़ों के दर्द, मधुमेह/शुगर, त्वचा संबंधी समस्या, सामान्य सर्दी-जुकाम समेत अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े मरीज पहुंचे।

मरीजों की स्थिति के अनुसार उन्हें आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श दिया गया और जरूरत के अनुसार दवाइयां निशुल्क उपलब्ध करवाई गईं।

नाथूसरी चोपटा के गांव ढूकड़ा, चाडीवाल, हंजीरा और साहूवाला-2 आंगन मिलन समारोह आयोजित

आंगनवाड़ी प्ले स्कूल चौपटा में आंगन मिलन समारोह आयोजित, योजनाओं की दी जानकारी

योगासन और प्राणायाम का कराया अभ्यास

आयुष योग सहायक बजरंग ने शिविर में पहुंचे लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाए। उन्होंने नियमित योग के फायदों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और रोजमर्रा की गतिविधियों में ऊर्जा बनाए रखने में मदद कर सकता है।

कार्यक्रम में लोगों को आयुर्वेदिक दवाइयों के उचित इस्तेमाल, योग और संतुलित जीवनशैली के बारे में भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया।

हरियाणा सरकार के अनुसार सेवा संकल्प अभियान में नागरिकों को स्वास्थ्य जांच, योग, स्वच्छता, पौधरोपण और अन्य सेवा गतिविधियों से जोड़ने का कार्यक्रम रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *