सिरसा के बरासरी गांव में ग्राम सभा के अहम फैसले, बाहरी चंदे पर रोक; नशे के खिलाफ सख्तीसिरसा के बरासरी गांव में ग्राम सभा के अहम फैसले, बाहरी चंदे पर रोक; नशे के खिलाफ सख्ती
नाथूसरी चौपटा। सिरसा जिले के गांव बरासरी में ग्राम सभा की बैठक में गांव की व्यवस्था और युवाओं को नशे से बचाने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए हैं। बैठक में बाहरी लोगों द्वारा गांव में भीख, चंदा, अनाज या दूसरी सामग्री मांगने पर पूर्ण रोक लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके साथ ही गांव में नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अभियान चलाने पर सहमति बनी।

सरपंच अमर सिंह रोज ने बताया कि फैसले ग्रामीणों की मौजूदगी में लिए गए हैं। ग्राम पंचायत का कहना है कि इसका उद्देश्य व्यक्तिगत दान को रोकना नहीं, बल्कि गांव में बाहर से आकर जबरन या लगातार मांगने की गतिविधियों पर रोक लगाना है।

मंदिर-गोशाला में अपनी इच्छा से कर सकेंगे दान

ग्राम सभा ने साफ किया है कि गांव का कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छा से मंदिर, गोशाला या किसी धार्मिक संस्था को दान दे सकता है। इस पर किसी तरह की पाबंदी नहीं होगी।

अगर किसी धार्मिक संस्था के साथ गांव का कोई व्यक्ति जुड़ा हुआ है तो ग्रामीण अपनी इच्छा के अनुसार उसे भी सहयोग कर सकेंगे। पंचायत ने स्वेच्छा से दिए जाने वाले दान और गांव में बाहर से आकर चंदा या सामान मांगने को अलग रखा है।

सिरसा में पेंशनर्स ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी, कैशलेस इलाज समेत रखीं 10 बड़ी मांगें

खेड़ी-चाहरवाला-जसानिया के किसानों के लिए बिजली का नया टाइम, 11 सितंबर तक रहेगा लागू

नशा बेचने वालों पर नजर रखेगी गांव की कमेटी

बैठक में गांव में नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने एकजुट होकर काम करने का फैसला लिया। इसके लिए एक कमेटी बनाई जाएगी, जो गांव में नशा बेचने वालों पर नजर रखेगी। ऐसे लोगों की जानकारी मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करवाने की बात कही गई है।

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। पंचायत का मानना है कि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से बचाने में मदद मिल सकती है।

बैठक में सरपंच अमर सिंह रोज के अलावा सुरेंद्र सिंह, हनुमान, संदीप कुमार, धर्मपाल, पंच सुदेश, संतोष, संजय कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *