सिरसा जन्माष्टमी महोत्सवसिरसा जन्माष्टमी महोत्सव

सिरसा। रानिया रोड स्थित श्री खाटू श्याम धाम में श्री श्याम परिवार ट्रस्ट की ओर से 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। मंदिर के सदस्य दीपेश गोयल ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर कंस वध तक की लीलाओं का सजीव एवं आकर्षक दर्शन करवाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर श्री खाटू श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार बेंगलुरु से मंगवाए गए फूलों से किया जाएगा। मंदिर परिसर और बाबा के दरबार को फूलों के साथ-साथ विद्युत रोशनी से भी सजाया जाएगा।

महोत्सव के दौरान बाल स्वरूप में लड्डू गोपाल को मखमली सिंहासन पर रेशमी डोरी से सजे सुंदर पालने में विराजमान किया जाएगा। श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ बाल कृष्ण के दर्शन कर पालना झुला सकेंगे। जन्माष्टमी समारोह का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित भव्य झांकियां रहेंगी।

सिरसा खाटू श्याम धाम जन्माष्टमी महोत्सव 2026
सिरसा खाटू श्याम धाम जन्माष्टमी महोत्सव 2026

इनमें श्रीकृष्ण जन्म, गोकुल आगमन, बाल लीलाएं, माखन चोरी, कालिया नाग मर्दन सहित विभिन्न प्रसंगों के साथ कंस वध तक की लीलाओं का सजीव चित्रण किया जाएगा। झांकियों को तैयार करने के लिए विशेष रूप से कोलकाता के कुशल कारीगरों को जिम्मेदारी दी गई है।

गोगामेड़ी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्राले ने मारी टक्कर, 36 श्रद्धालु घायल

सिरसा के ग्रामीण क्षेत्र में बढेगी बस सेवा, इन 24 रूटों पर चलेगी प्राइवेज बसें

कारीगर मिट्टी, घास-फूस और अन्य पारंपरिक सामग्री से झांकियां तैयार करेंगे, जिनमें भारतीय कला एवं पारंपरिक शिल्प की झलक देखने को मिलेगी। मंदिर परिसर को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के अनुरूप सजाया जा रहा है। दही हांडी, मोर पंख, बांसुरी, मटकों और आकर्षक विद्युत लाइटों से मंदिर का स्वरूप मनमोहक बनाया जाएगा। जन्माष्टमी का मुख्य कार्यक्रम 4 सितंबर को शाम 7 बजे से रात्रि 12 बजे तक चलेगा। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर मंत्रोच्चारण के बीच विशेष अभिषेक किया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर कृष्ण भक्ति और धार्मिक उल्लास से सराबोर रहेगा।

रात्रि 12 बजे होगी विशेष आरती, पंजीरी और चरणामृत का प्रसाद:

रात्रि 12:00 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर विशेष आरती की जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण को उनका प्रिय भोग पंजीरी अर्पित किया जाएगा तथा चरणामृत का प्रसाद सभी भक्तों में वितरित किया जाएगा। जन्म के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहेगा और श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साक्षी बनेंगे। छोटे बच्चों के लिए भी विशेष आयोजन किया गया है।

राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजकर मंदिर पहुंचने वाले बच्चों को मंदिर प्रबंधन की ओर से उपहार, टोपियां, चॉकलेट और खिलौने देकर सम्मानित किया जाएगा। मंदिर के सदस्य दीपेश गोयल ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का भव्य एवं मनमोहक दर्शन करवाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से 4 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में श्री खाटू श्याम धाम पहुंचकर बाबा श्याम और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लेने का आह्वान किया। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु दर्शन के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। 4 सितंबर की शाम से आधी रात तक श्री खाटू श्याम धाम भजनों, झांकियों, कृष्ण भक्ति और धार्मिक उल्लास से गूंजता नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *