Jhunjhunu Chhapoli 8 Labourers Electrocution High Tension LineJhunjhunu Chhapoli 8 Labourers Electrocution High Tension Line

झुंझुनू, 2 नवंबर 2026। राजस्थान के झुंझुनू जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। सड़क निर्माण के दौरान रोड़ी (बजरी) मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कई अन्य मजदूर झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

उदयपुरवाटी के थानाधिकारी रामपाल के मुताबिक यह हादसा छापोली गांव में हुआ, जहां ग्रामीणों के सहयोग से छापोली से कदमकुंड तक जाने वाली एक संकरी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान बजरी मिलाने वाली मशीन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई और करंट पूरे इलाके में फैल गया। मृतक सभी मजदूर आसपास के गांवों के रहने वाले थे।

CM भजनलाल शर्मा ने जताया शोक, दिए जांच के आदेश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। सीएम ने कलेक्टर से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और मंत्री झाबर सिंह खर्रा को मौके पर जाकर प्रभावितों की मदद सुनिश्चित करने को कहा है।

गहलोत ने मुआवजे और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सवाल उठाया कि सड़क निर्माण के दौरान यह हादसा कैसे हुआ और इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है। गहलोत ने सरकार से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता देने की मांग की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आई ये बात

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सड़क निर्माण का काम जनसहयोग से निजी स्तर पर छोटे पैमाने पर किया जा रहा था। तकनीकी अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। अगर जांच में किसी भी तरह की विभागीय या तकनीकी चूक सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला कलेक्टर अरुण गर्ग के मुताबिक हादसा उस इलाके में हुआ है, जहां वन क्षेत्र होने के कारण सड़क निर्माण की अनुमति नहीं थी। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर मशीन लगाकर सड़क बनाने का काम शुरू किया था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *