अलवर, 30 अक्टूबर 2026। राजस्थान के अलवर जिले की भूगोर ग्राम पंचायत में इन दिनों चुनाव प्रचार का नजारा कुछ अलग ही देखने को मिल रहा है। यहां महिला प्रत्याशी अपने चुनाव चिह्नों को हाथों में लेकर मतदाताओं के बीच पहुंच रही हैं। कोई भिंडी लेकर वोट मांग रही है तो कोई हेलमेट, केतली, बैग और पर्स के साथ प्रचार कर रही है ।
महिला आरक्षित सीट होने के कारण इस बार कई महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। प्रत्याशियों ने अपने प्रचार को भी खास अंदाज दिया है। किसी के हाथ में स्लेट और जुर्राब है तो कोई खेल का सामान लेकर मतदाताओं से समर्थन मांग रही है। नए-नए कपड़ों में सजी महिला उम्मीदवार अपने-अपने बूथों पर चुनाव चिह्न के साथ नजर आ रही हैं ।
लेडीज पर्स लेकर प्रचार में जुटीं महिलाएं
भूगोर गांव में चुनाव प्रचार कर रही एक महिला ने बताया कि उनके प्रत्याशी का चुनाव चिह्न लेडीज पर्स है। इसलिए वे प्रत्याशी के प्रचार के लिए लेडीज पर्स लेकर घर-घर पहुंच रही हैं। इसी तरह भिंडी, हेलमेट, केतली, स्लेट और जुर्राब जैसे चिह्नों वाले प्रत्याशियों के समर्थक भी इन वस्तुओं को हाथ में लेकर मतदाताओं से वोट की अपील कर रहे हैं ।
गांव में उत्साह, लोग बना रहे वीडियो
चुनाव चिह्नों को हाथ में लेकर प्रचार करती महिलाओं को देखने के लिए लोगों में भी उत्साह बना हुआ है। कोई इन अनोखे चुनाव चिह्नों के साथ तस्वीरें और वीडियो बना रहा है तो कोई प्रत्याशियों के प्रचार के इस अंदाज की चर्चा कर रहा है ।
दरअसल, पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव चिह्न आवंटित किए जाते हैं। यही चिह्न मतदाताओं के बीच उनकी पहचान बनते हैं। ऐसे में भूगोर पंचायत की महिला प्रत्याशियों ने अपने चुनाव चिह्नों को ही प्रचार का खास जरिया बना लिया है ।
