मुख्य हाइलाइट्स:
-
अलवर के मेवात क्षेत्र की ग्राम पंचायत टीकरी के सरपंच रसीद और सरपंच प्रतिनिधि आजान खान का 500 के नोटों की माला पहनाकर स्वागत।
-
माला करीब 25-30 फीट लंबी थी, जिसमें 500 के करीब 2000 नोट यानी करीब 10 लाख रुपये होने का दावा।
-
माला संभालने के लिए 8-10 लोगों को छत पर खड़ा होना पड़ा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
अलवर, 29 अक्टूबर 2026: राजस्थान के अलवर जिले के मेवात क्षेत्र में पंचायत चुनाव जीतने के बाद सरपंच का ऐसा स्वागत हुआ जिसकी चर्चा अब पूरे प्रदेश में हो रही है। ग्राम पंचायत टीकरी के सरपंच रसीद और नसवारी के सरपंच प्रतिनिधि आजान खान को गांव के लोगों ने 500-500 रुपये के नोटों से बनी करीब 25 से 30 फीट लंबी माला पहनाकर सम्मानित किया। दावा है कि दोनों मालाओं में करीब 10 लाख रुपये के नोट लगे थे, जिनमें 500 के करीब 2000 नोट शामिल थे ।
यह अनोखा नजारा उस समय देखने को मिला जब सरपंच रसीद और आजान खान को घर की छत पर खड़ा किया गया। माला इतनी लंबी थी कि उसे संभालने के लिए 8 से 10 लोगों को एक साथ खड़ा होना पड़ा। गांव के लोगों ने दोनों के लिए अलग-अलग नोटों की मालाएं तैयार करवाई थीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उन्होंने इस पल को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। स्वागत का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है ।
यह भी पढेंः गजबः नामांकन खारिज होने के बाद भी 187 वोटों से जीत कर पूराराम बन गए सरपंच
मेवात में शादियों की परंपरा से अलग है यह अंदाज
मेवात क्षेत्र में आमतौर पर शादियों के दौरान दूल्हे को नोटों की माला पहनाने की परंपरा रही है, जिसमें लंबी माला पहनाने की होड़ सी रहती है। लेकिन चुनाव जीतने के बाद सरपंच को नोटों की माला पहनाकर स्वागत करने का यह मामला पहली बार सामने आया है, इसलिए यह चर्चा का विषय बना हुआ है । ग्रामीणों ने अपनी खुशी जाहिर करने के लिए यह अनोखा तरीका अपनाया, जिससे यह आयोजन मेवात क्षेत्र से बाहर भी सुर्खियों में आ गया है।
