HCS परीक्षा में 49वीं रैंक हासिल करने वाले किशनपुरा निवासी सतवीर सिंहमार।HCS परीक्षा में 49वीं रैंक हासिल करने वाले किशनपुरा निवासी सतवीर सिंहमार।

सिरसा, 10 अक्टूबर। नौकरी की जिम्मेदारियों के बीच पढ़ाई के लिए समय निकालना आसान नहीं होता, लेकिन ऐलनाबाद के गांव किशनपुरा के सतवीर सिंहमार ने मेहनत से यह कर दिखाया। कृषि विभाग में ग्रुप डी के तहत फील्डमैन के पद पर काम करते हुए सतवीर ने हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) परीक्षा में 49वीं रैंक हासिल की है। BCA वर्ग में उनका छठा स्थान रहा। खास बात यह है कि नौकरी पर आने-जाने के दौरान भी वह बस में मोबाइल से ऑनलाइन क्लास देखते और पढ़ाई करते थे।

UPSC में सफलता नहीं मिली, फिर भी जारी रखी तैयारी

सतवीर ने वर्ष 2022 में UPSC की परीक्षा दी थी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद भी उन्होंने तैयारी नहीं छोड़ी और HCS परीक्षा पर ध्यान दिया। नौकरी के साथ पढ़ाई करना उनके लिए चुनौती थी, इसलिए उन्होंने खाली समय का इस्तेमाल पढ़ाई के लिए किया।

सतवीर और उनके बड़े भाई विनोद कुमार के मुताबिक, वह बस में सफर के दौरान मोबाइल पर ऑनलाइन बैच की वीडियो देखते थे। HCS परीक्षा के प्री और मेन्स चरण के साथ इंटरव्यू की तैयारी के लिए उन्होंने छुट्टियां भी लीं।

पिता की किरयाणा दुकान, भाई पंचायत विभाग में सचिव

सतवीर सिंहमार गांव किशनपुरा के रहने वाले हैं। उनके पिता राम सिंह सिंहमार किरयाणा की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। सतवीर तीन भाई-बहनों में शामिल हैं।

उनके बड़े भाई विनोद कुमार पंचायत विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उनका चयन लेक्चरर के पद पर भी हुआ है, लेकिन उन्होंने अभी तक वहां ज्वाइन नहीं किया है। सतवीर की बहन शिक्षिका हैं।

नौकरी के साथ तैयारी करने वाले युवाओं के लिए मिसाल

सतवीर की सफलता से उनके परिवार और गांव में खुशी है। ग्रामीणों ने उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी।

सतवीर की कहानी उन युवाओं के लिए खास है, जो नौकरी या परिवार की जिम्मेदारियों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बस में आने-जाने के समय का इस्तेमाल भी पढ़ाई के लिए किया और नौकरी के साथ अपनी तैयारी जारी रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *