सिरसा। शहर के व्यस्त नोहरिया बाजार में घंटाघर चौक के पास स्थित प्राचीन सिद्ध हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर रखे दो दानपात्र उठाकर ले गए। दानपात्रों में करीब 15 से 20 हजार रुपये की नकदी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना का पता सुबह पूजा के लिए मंदिर पहुंचे नोहरिया बाजार निवासी मयंक गौतम को चला। उन्होंने इस संबंध में सिटी थाना एसएचओ को लिखित शिकायत देकर आरोपियों को जल्द पकड़ने और चोरी की रकम व सामान बरामद कराने की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पूजा के बाद मंदिर में लगाया था ताला, सुबह पहुंचे तो दानपात्र गायब
मयंक गौतम के अनुसार वह रोजाना की तरह रात को पूजा-पाठ करने के बाद मंदिर के गेट पर ताला लगाकर घर चले गए थे। देर रात अज्ञात चोर मंदिर में पहुंचे और गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद मंदिर में रखे दोनों दानपात्र लेकर फरार हो गए।
सुबह मंदिर पहुंचने पर गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दोनों दानपात्र वहां नहीं थे। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई।
सिरसा में आज से 3 अक्टूबर तक दूध की सप्लाई बंद, पशुपालकों का वीटा प्लांट पर धरना
नोहरिया बाजार में पहले भी सामने आ चुकी हैं चोरी की घटनाएं
मंदिर में चोरी की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नोहरिया बाजार शहर का व्यस्त इलाका है, इसके बावजूद रात के समय पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
नोहरिया बाजार में इससे पहले भी दुकान और मकान में चोरी की घटनाएं रिपोर्ट हो चुकी हैं। जनवरी 2026 में बाजार की एक दुकान से करीब 16 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया था।
इसके अलावा सितंबर 2026 में सिरसा जिले के ओटू गांव के संकट मोचन हनुमान मंदिर से चांदी के चार छत्र और दानपात्र से नकदी चोरी होने की घटना भी सामने आई थी। उस मामले में ग्रामीणों ने रात की गश्त बढ़ाने की मांग की थी।
दुकानदारों और लोगों ने रात की गश्त बढ़ाने की मांग की
ताजा वारदात के बाद नोहरिया बाजार के लोगों और दुकानदारों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात में नियमित गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से मंदिरों, दुकानों और बाजार की गलियों में रात के समय निगरानी बढ़ाने तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मौके का जायजा लिया है और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

