इनेलो का संगठन आज पूरे देश में सबसे मजबूत संगठन है: अभय सिंह चौटाला
15 दिसंबर से इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला करेंगे सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा
बहादुरगढ़, 18 नवंबर: ऐलनाबाद चुनाव में हुई इनेलो की ऐतिहासिक जीत के बाद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। कार्यकर्ताओं के इसी उत्साह की बदौलत इनेलो आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार बनाएगी। कार्यकर्ताओं का उत्साह ही इनेलो की जीत का मंत्र है। यह बात इनेलो सुप्रीमो ने वीरवार को बहादुरगढ़ के ‘ली’ फार्म में आयोजित इनेलो की राष्ट्रीय/राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि ऐलनाबाद चुनाव में लोगों का इमान खरीदने के लिए भाजपा सरकार ने करोड़ों रुपए तक बहा दिए लेकिन जनता ने भाजपा प्रत्याशी को हराकर साबित कर दिया कि केवल इनेलो ही लोगों की सच्ची हितैषी है। एक-एक वोट को खरीदने के लिए 10 से 15 हजार रुपए तक लोगों को दिए जा रहे थे, मगर लोग भाजपा के बहकावे में नहीं आए। भाजपा सरकार ने लूट की कमाई को वोट खरीदने में लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल लूट की राजनीति कर रही है, जिसे प्रदेश की जनता अच्छी प्रकार से समझ चुकी है। ऐलनाबाद चुनाव में अभय सिंह चौटाला की जीत से साफ हो गया है कि लोग अब बदलाव का मन बना कर इस भ्रष्टाचारी सरकार से पीछा छुड़ाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और हमारे देश की अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है। जिस देश का किसान खुशहाल होगा वह देश मालामाल होगा और जहां किसान कंगाल होगा उस देश का क्या होगा, यह सबके सामने है। भाजपा सरकार किसानों की सबसे बड़ी दुश्मन है। तीन कृषि काले कानून को लेकर किसान सालभर से सडक़ों पर आंदोलन करने को मजबूर है, मगर सरकार को किसानों की समस्याओं से कोई सरोकार ही नहीं है। इनेलो सुप्रीमो ने अपने अंदाज में फिर दोहाराया कि ‘एक बार थम सरकार बना दो थारे सारे दुखड़े मिटा दूंगा।’
