- हरियाणा के दादरी के होनहार युवा यशवंत सांगवान ने कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास के बल पर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यशवंत ने अपने पांचवें प्रयास में 391वीं रैंक प्राप्त कर यह मुकाम हासिल किया।
यशवंत सांगवान तीसरे प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंचे थे, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखे। आखिरकार पांचवें प्रयास में उन्हें सफलता मिली और उनका चयन हो गया।
यशवंत सांगवान के पिता संजय सांगवान उर्फ कुकू बिजनेसमैन हैं, जबकि उनकी माता सरोज देवी गृहिणी हैं। यशवंत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया। उन्होंने बताया कि माता-पिता के सहयोग और विश्वास ने उन्हें लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी।
यशवंत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा चरखी दादरी से प्राप्त की, जबकि 12वीं तक की पढ़ाई उन्होंने फरीदाबाद में अपनी बुआ के घर रहकर पूरी की। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी को लक्ष्य बनाकर लगभग आठ वर्षों तक लगातार तैयारी की और आखिरकार सफलता हासिल की।
यशवंत सांगवान ने कहा कि देश सेवा का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। वे समाजहित और आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे।
साथ ही उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर संघर्ष किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। वहीं यशवंत की माता सरोज देवी ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि बेटे ने अपनी मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें और पढ़ाई के लिए प्रेरित करें, ताकि बच्चे जीवन में आगे बढ़ सकें।

