भांजे की शादी में DJ पर नाच रहे मामा की अचानक हार्ट अटैक से मौत, पलभर में मातम में बदली खुशियां dies of a heart attack
खरगौन (मध्य प्रदेश)। खरगौन जिले में एक शादी समारोह उस समय गहरे शोक में बदल गया, जब भांजे की शादी में खुशी से नाच रहे मामा की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया और शादी की खुशियां पलभर में थम गईं। जानकारी के अनुसार घनश्याम यादव अपने भांजे की शादी में शामिल होने ओझरा गांव पहुंचे थे।
शादी समारोह में DJ पर नाच-गाना चल रहा था और परिवार के लोग खुशी मना रहे थे। इसी दौरान घनश्याम यादव भी रिश्तेदारों के साथ नाच रहे थे। बताया जा रहा है कि नाचते-नाचते अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे जमीन पर गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई है।
घटना के बाद शादी समारोह का माहौल पूरी तरह बदल गया। जहां कुछ देर पहले ढोल-नगाड़ों की आवाज गूंज रही थी, वहीं अचानक रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई देने लगीं। परिवार और गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।
