Gogamedi गोगामेडी के ग्रामीणों ने भरा अनोखा भात मायरा, चाऱों ओर हो रही सराहना
गोगामेडी। गांव गोगामेडी के ग्रामीणों ने सामाजिक एकता और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए गांव की बेटी लाली की बेटी की शादी में सामूहिक रूप से भात (मायरा) भरकर पूरे क्षेत्र में प्रशंसा बटोरी है।
गांव की बेटी लाली के न तो भाई हैं और न ही माता-पिता जीवित हैं। ऐसे में भात की रस्म निभाने की सामाजिक जिम्मेदारी गांव के लोगों ने स्वयं उठाई। सर्व समाज के नागरिकों ने मिलकर सामूहिक भात भरने का निर्णय लिया और मंगलवार को पल्लू क्षेत्र के गांव बिसरासर में आयोजित कार्यक्रम में एक लाख 11 हजार रुपये नकद के साथ-साथ वस्त्र एवं आभूषण भेंट किए।
ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में गांव नेठराना द्वारा भरे गए सामूहिक भात से उन्हें प्रेरणा मिली, जिसके बाद गोगामेडी गांव ने भी यह नेक पहल की। इस भात में पूरे गांव का सहयोग रहा और बड़ी संख्या में पुरुष व महिलाएं शामिल हुए।
भावुक क्षण उस समय देखने को मिला जब लाली अपने भात भरने आए ग्रामीणों को तिलक कर रही थीं। एक पल के लिए उनका गला भर आया, लेकिन गांववासियों के स्नेह और आशीर्वाद पाकर उन्होंने कहा, “आज मेरा पूरा गांव मेरे सिर पर हाथ रखने आया है, इससे बड़ा सम्मान मेरे लिए कुछ भी नहीं हो सकता।”
इस सामूहिक भात ने यह साबित कर दिया कि जब समाज एकजुट होता है, तो रिश्ते खून से नहीं, इंसानियत से बनते हैं।
