हरियाणा न्यूज। हरियाणा के चरखी दादरी के नेशनल हाईवे-334बी पर लोहारू रोड गांव खेड़ी बत्तर के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में गोगामेड़ी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार ट्राले ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंच गए तथा घायलों को तत्काल चरखी दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
डिप्टी सीएमओ डा. राहुल अरोड़ा ने बताया कि हादसे में कुल 36 श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद लख्मी पत्नी हनीफ, छिया पुत्र महावीर, नत्थे सिंह पुत्र प्रभात और विजय पुत्र ध्राजीराम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
घायलों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी श्रद्धालु अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) से राजस्थान स्थित गोगामेड़ी धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में घायल हुए अन्य श्रद्धालुओं में अनिल, प्रमोद, सुखबीर, रणबीर, नखुल, अमित, तानसेन, सोभित, मनोज, सीमा, शिवांगी, लवकुश, नीरज, खेमकरण, गोविंद, सागर, मुकुल, मोनम, सोनम, कोमल, नीतू, लतेश, बॉबी, गौतम, खुशी, शैलेश, इच्छा, हिमांशी, सचिन, मीनाक्षी और राकेश समेत कुल 36 लोग शामिल हैं।
हादसे के कारण कुछ समय तक नेशनल हाईवे-334बी पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया और ट्राला चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

