नोहर में घर से चोरी का खुलासा: कर्ज चुकाने को अपने ही घर में चोरी करने वाला सुमित उर्फ मिठ्ठू गिरफ्तार
नोहर (हनुमानगढ़, राजस्थान)। नोहर पुलिस ने घर से अटैची चोरी होने के मामले में वार्ड नंबर 14 के रहने वाले 20 साल के सुमित उर्फ मिठ्ठू को गिरफ्तार कर लिया है। अटैची में 40 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने और जरूरी कागजात थे। जांच में पता चला कि चोरी किसी बाहरी ने नहीं, घर के ही सदस्य ने की थी। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के दौरान यह खुलासा हुआ। आरोपी से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है।
1 सितंबर को दर्ज हुआ था मामला
नोहर के रहने वाले बाबूलाल पुत्र मोडूराम रैगर ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि वे पंचायत समिति रोड पर अपनी दुकान गए हुए थे। इसी बीच किसी ने घर से अटैची उठा ली। इस पर थाना नोहर में प्रकरण संख्या 356/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(ए) में मामला दर्ज किया गया।
Nohar News: पुलिस ने 2 दिन में किया बाइक चोरी का खुलासा, 20 वर्षीय युवक बाइक सहित गिरफ्तार
सीसीटीवी और तकनीकी जानकारी से पहुंची पुलिस
थानाधिकारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद की टीम ने जांच शुरू की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तकनीकी जानकारी जुटाई। इसी से सामने आया कि चोरी करने वाला घर का ही सदस्य है। इसके बाद पुलिस ने सुमित उर्फ मिठ्ठू को गिरफ्तार किया।
शौक के चक्कर में चढ़ा कर्ज
पूछताछ में सुमित ने बताया कि उसे महंगी गाड़ी और महंगे फोन रखने का शौक है। इसी शौक की वजह से उस पर कर्ज चढ़ गया। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने ही घर से अटैची चुरा ली।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद और सहायक उपनिरीक्षक भूराराम के साथ टीम के बाकी सदस्यों की अहम भूमिका रही।

