चौपटा में आंगन मिलन समारोह, बच्चों के विकास के लिए खेल-आधारित गतिविधियों पर जोरचौपटा में आंगन मिलन समारोह, बच्चों के विकास के लिए खेल-आधारित गतिविधियों पर जोर

चौपटा, 28 सितंबर। नाथूसरी चौपटा के आंगनवाड़ी प्ले स्कूल में सोमवार को आंगन मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह ढिढारिया मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता सर्किल सुपरवाइजर अनु देवी ने की। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के माता-पिता व दादा-दादी ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि सतबीर सिंह ढिढारिया ने पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए खेल-आधारित गतिविधियां जरूरी हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को आंगनवाड़ी प्री-स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने और मोबाइल से दूर रखने की अपील की।

हरियाणा सरकार की ओर से 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों, माताओं और ग्रामीण समुदाय से जोड़ने तथा पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक बाल देखभाल एवं शिक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

मातृ वंदना समेत कई योजनाओं की दी जानकारी

समारोह में सुपरवाइजर अनु देवी ने लाभार्थियों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और आपकी बेटी-हमारी बेटी सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं के बारे में भी बताया। इनमें पूरक पोषाहार, प्री-स्कूल शिक्षा और टीकाकरण जैसी सेवाएं शामिल हैं। हरियाणा के ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में भी माताओं और लाभार्थियों को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान गोदभराई और अन्नप्राशन जैसी समुदाय आधारित गतिविधियां भी करवाई गईं।

नाथूसरी चोपटा के गांव ढूकड़ा, चाडीवाल, हंजीरा और साहूवाला-2 आंगन मिलन समारोह आयोजित

अभिभावकों से बच्चों को आंगनवाड़ी भेजने की अपील

सतबीर सिंह ढिढारिया ने कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में उनकी सीखने की क्षमता और विकास के लिए गतिविधि आधारित शिक्षा महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ समय बिताने और उन्हें खेल व सीखने की गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सुपरवाइजर अनु देवी, आशा वर्कर बबीता, वार्ड नंबर एक के पंच प्रेम कुमार महता, संदीप नुहिया, निर्मल, हेल्पर सरोज देवी, अध्यापक हरपाल, एसएमसी सदस्य रागिनी, सुमित्रा, मीना देवी, चनन राम सुथार, भूमिका महता सहित ग्रामीण महिलाएं और अन्य लोग मौजूद रहे।

सिरसा जिले में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर महिलाओं और लाभार्थियों को पोषणयुक्त भोजन, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के कार्यक्रम शुरू किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *