हेलिकॉप्टर क्रैश, 2 पायलट, 1 इंजीनियर की मौत

Advertisement

6/recent/ticker-posts

हेलिकॉप्टर क्रैश, 2 पायलट, 1 इंजीनियर की मौत

 


 हिंदी न्यूज़   महाराष्ट्र राज्य के पुणे जिले के बावधन ​​​​​​में बुधवार को एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। इसमें दो पायलट और एक इंजीनियर सवार थे। तीनों की मौत हो गई। घटना बावधन में केके कंस्ट्रक्शन हिल के पास सुबह करीब 6:45 बजे हुई।

 

पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ के डीसीपी विशाल गायकवाड़ ने बताया कि हेलिकॉप्टर ने ऑक्सफोर्ड गोल्फ कोर्स के हेलिपैड से मुंबई के जुहू के लिए उड़ान भरी थी। करीब 10 मिनट बाद 1.5 किमी दूर जाकर हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसा पहाड़ी इलाके में हुआ। वहां सुबह के समय घना कोहरा था। क्रैश होने के बाद हेलिकॉप्टर में आग लग गई।

 

पुणे चीफ फायर ऑफिसर देवेन्द्र प्रभाकर पोटफोडे ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए दो एम्बुलेंस और चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हेलिकॉप्टर के सभी हिस्से बिखर गए थे। आग सुलग रही थी।

 

हेलिकॉप्टर हेरिटेज एविएशन नाम की प्राइवेट कंपनी का था। दोनों पायलट और इंजीनियर की पहचान अभी नहीं हो सकी है। डीसीपी विशाल ने बताया कि दुर्घटना का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। DGCA मामले की जांच करेगा। पुणे में 40 दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है। इससे पहले 24 अगस्त को पुणे के पौड इलाके में एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। यह हेलिकॉप्टर मुंबई से हैदराबाद जा रहा था। इसमें पायलट और तीन यात्री सवार थे। हादसे में पायलट जख्मी हुआ था। बाकी तीनों लोगों को ज्यादा चोट नहीं आई थीं।

 

पुणे रूरल पुलिस के सुपरिंटेंडेंट पंकज देशमुख ने बताया था कि यह हेलिकॉप्टर मुंबई की ग्लोबल वेक्ट्रा हेलिकॉर्प कंपनी का था। यह AW 139 मॉडल का था। आशंका जताई गई कि हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी की वजह से क्रैश हुआ। हादसे के पीछे भारी बारिश को भी वजह माना गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ