विटामिन की खोज किसने की थी?

Advertisement

6/recent/ticker-posts

विटामिन की खोज किसने की थी?





यह सभी जानते हैं कि विटामिन रासायनिक पदार्थ होते हैं जो हमारे शरीर के स्वस्थ रहने के लिए जरूरी हैं।


 विटामिन्स अलग-अलग तरह के भोजन में पाए जाते हैं। वैज्ञानिक विटामिन्स के 6 प्रकारों को 'ए', 'बी', 'सी', 'डी', 'ई' और 'के' कहते हैं। असल में विटामिन 'बी' में विटामिन्स का पूरा समूह होता है।


क्या आप जानते हैं कि विटामिंस की खोज किसने की? विटामिन की खोज एक डच जीवाणु विशेषज्ञ, क्रिश्चियान एइकमैन (1858-1930) द्वारा अचानक ही हो गई थी। उन्होंने सबसे पहले ध्यान दिया कि जो मुर्गियां चावल के दाने खाती थीं वे बीमार पड़ गईं। उन्होंने यह कारण खोज निकाला कि अनाज की ऊपरी सतह को यदि हटा दिया जाए तो उसमें मौजूद रसायन भी निकल जाते हैं जिसे हम विटामिन कहते हैं।


जब एइकमैन 1886 में इंडोनेशिया दौरे पर 'बेरी-बेरी' नामक महामारी की पड़ताल करने गए तो उनके दावों को और अधिक सच माना गया। बाद में वह यह साबित करने में सक्षम रहे कि 'बेरी-बेरी' का रोग डाइट की कमी से होता है। इससे विटामिन्स की खोज हुई और यह बात सामने आई कि विटामिन सेहत के लिए बहुत जरूरी है।


एइकमैन, हालांकि पूरी तरह से विटामिन्स के बारे में नहीं समझ पाए। बाद में फैडरिक हॉपकिन जो ब्रिटिश वैज्ञानिक थे, ने इस सिद्धांत को समझा कि मानव शरीर को कुछ मात्रा में ऐसे रसायनों की आवश्यकता है जो उन्हें सेहतमंद रख सकें। उन्होंने यह कहा कि रिकेट्स या स्कर्वी जैसे रोगों से बचा जा सकता है यदि भोजन में या किसी दूसरी चीज में जरूरी रसायन यानी कि विटामिंस लिए जाएं। ऐसा बिल्कुल सही माना गया और विटामिंस के प्रकारों को नाम भी दिए गए।वास्तव में विटामिंस के कई स्रोत तथा उपयोग हैं जैसे विटामिन 'ए', मक्खन, दूध, अंडे, हरी सब्जियों और मछली में पाया जाता है जो बीमारियों से लड़ने में सहायक होते हैं। विटामिन 'बी' भूख बढ़ाता है। यह तंत्रिकाओं तथा त्वचा में शक्ति बढ़ाता है। यह यीस्ट, मीट तथा अलग-अलग अनाजों में पाया जाता है। विटामिन 'सी' खून साफ करने में सहायक है तथा जुकाम से सुरक्षा प्रदान करता है। यह मुख्य तौर पर फल जैसे संतरे तथा नींबू आदि में पाया जाता है। हड्डियों की मजबूती के लिए विटामिन 'डी' की आवश्यकता होती है जो कॉड मछली के तेल तथा अंडे की जर्दी आदि में पाया जाता है। विटामिन 'ई' मोटे अनाजों और अन्य प्रकार के भोजन में पाया जाता है। विटामिन 'के' खून के बहाव को रोकने और क्लॉट के लिए विशेष रूप से जरूरी है। अत: चोट लगने पर खून के रिसाव को रोकने के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है। यह बहुत सी चीजों में मौजूद होता है जैसे लिवर तथा हरी सब्जियों इत्यादि में।


ऊपर दिए गए तथ्यों से हमें पता चलता है कि विटामिंस हमारी सेहत के लिए बहुत जरूरी हैं। इस महत्वपूर्ण खोज के लिए क्रिश्चियान एइकमैन और फैडरिक हॉपकिन को 1929 में नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ