सिरसा के चोपटा क्षेत्र में धमकी देकर नाबालिगा से दुराचार करने के मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार
सिरसा…… महिला विरुध अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला की सदर थाना सिरसा पुलिस ने धमकी देकर ब्लैकमेल कर नाबालिगा से दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन युवकोंं को गिरफ्तार कर लिया है ।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सदर थाना में तैनात उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता नाबालिगा अपने परिजनों के साथ थाना में आकर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मैं 9वी कक्षा की विद्यार्थी हूं और मैं मनीष नाम के लड़के को काफी दिनों से जानती हूं जो बस का ड्राइवर है। बीती 13 फरवरी 2026 को मनीष ने मुझे फोन पर धमकी देते हुए कहा कि आज आप मेरे साथ चलो नहीं तो मैं हम दोनों की बाते तुम्हारे परिवार वालों को बता दूंगा । जब मैं स्कूल जाने के लिए घर से निकली तो मनीष व उसके दो अन्य दोस्त घर के सामने गाड़ी लेकर खड़े थे ।
पीड़ित ने बताया कि मुझे गाड़ी में बैठा कर खेतों में ले गए और खेत में बने कमरे में ले जाकर मनीष ने मेरे साथ दुराचार किया । सदर थाना पुलिस ने महिला पुलिस एवं महिला अधिवक्ता की मौजूदगी में नाबालिगा द्वारा दिए गए बयानों व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता व पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की ।
जांच के दौरान सदर थाना सिरसा पुलिस की एक टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नाबालिगा को धमकी देकर दुष्कर्म करने के आरोप में मुख्य आरोपी मनीष उर्फ मोनू पुत्र जय सिंह निवासी गांव जमाल को गिरफ्तार कर लिया है । जबकि वारदात में संलिप्त दो अन्य आरोपी सुमित पुत्र रमेश कुमार व अजहरुद्दीन पुत्र इकबाल खान निवासियां गांव जमाल को भी गिरफ्तार कर लिए हैं ।
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
