मानसून पिछले दिनों से सक्रिय हो गया। इससे जगह जगह बरसात हो रही है। शुक्रवार को कई प्रदेशों में अच्छी बरसात हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कल शनिवार यानि 5 जुलाई 2025 को भी अनेक प्रदेशों में बरसात होगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून ट्रफ समुद्र तल पर अब जैसलमेर, कोटा, गुना, सतना, डाल्टनगंज, दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। उत्तर ओडिशा और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल पर 1.5 से 5.8 किमी की ऊंचाई तक एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है।
एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से दक्षिण-पूर्व राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक 1.5 से 7.6 किमी ऊंचाई पर फैली हुई है। असम के मध्य हिस्सों पर भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, पूर्वी राजस्थान, गुजरात के कुछ हिस्सों, कोंकण और गोवा, तथा तटीय कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बरसात संभव है।
बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य महाराष्ट्र, केरल तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बरसात की उम्मीद है।
देश भर में हुई मौसमी हलचल
आपको बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक और केरल में मध्यम से भारी वर्षा हुई। पूर्वी असम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान के कुछ हिस्सों और गुजरात क्षेत्र में हल्की से मध्यम बरसात के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई।
पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के कुछ हिस्से, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तथा उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बरसात हुई।
सौराष्ट्र और कच्छ, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, गंगीय पश्चिम बंगाल, रायलसीमा और दक्षिण तमिलनाडु में कहीं-कहीं हल्की बरसात हुई।
