Hisar Road Accident: हरियाणा के हिसार में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। हिसार मंगाली रोड पर एक कार पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी की हादसे में कार सवार 4 दोस्तों की मौत हो गई। चारों दोस्त एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान मंगाली सुरतिया के अंकुश (19), निखिल, मंगाली मोहब्बतपुर निवासी हितेश और हरिकोट गांव निवासी साहिल शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि गांव हरिकोट से पहले नहर के पुल नजदीक उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना प्रभारी साधुराम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से चारों युवकों को कार से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि साहिल अपने चाचा सुरेश की कार लेकर दोस्तों को लेकर शादी समारोह में शामिल होने गया था। यह हादसा बुधवार रात करीब नौ बजे हुआ है। वहीं अंकुश के पिता सरमोद का कहना है कि उनका बेटा अपने दोस्त हितेश, साहिल और निखिल के साथ शादी में जाने की बात कहकर अपने घर से निकला था। हरिकोट के नजदीक पैलेस में शादी समारोह में गए थे।
वहां पर कुछ देर रुकने के बाद चारों दोस्त कार से ही हिसार PLA में समान लेने आ गए थे। यहां से वापस कार में सवार होकर चारों दोस्त शादी समारोह में जा रहे थे। कार की रफ्तार तेज होने की वजह से नहर के पुल के पास पेड़ से जा टकरा गई। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
